logo

राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक : मोदी और नीतिश पर लालू ने साधा निशाना, तेजस्वी को मिल सकती है राजद की कमान!

rjd1.jpg

 

पटना:

राष्ट्रीय जनता दल ( राजद RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (RJD Chief Lalu Prasad Yadav) लंबे अर्से के बाद बिहार पहुंचे हैं। दो दिनों से सियासत पटना की गर्म है। उसे राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक परवान चढ़ा रही है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए लालू ने सबसे पहले  भाजपा और नीतीश कुमार पर निशाना साधा। मोदी का नाम लिए बिना कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री हम लोगों ने पहले कभी नहीं देखा। राज्य की नीतिश और केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि अंग्रेज ही नए रूप में आज राज कर रहे हैं। जनता उन्हें देख रही है, यूपी चुनाव में भाजपा की हार तय है।

 

परिषद की सभी सीट पर राजद लड़ेगा

लालू बोले, ''सभी चाहते हैं कि हमारी पार्टी पूरे देश में चुनाव लड़े, लेकिन अफसोस है कि संगठन के लोग बाहर जाते ही नहीं। अलग-अलग राज्यों में सभी को जिम्मेदारी दी जाएगी। आज भी सरकार को किसानों पर संदेह है, यह बहुत अफसोस की बात है। हम किसानों के आंदोलन को सलाम करते हैं। हमारे लिए विधान परिषद के स्थानीय निकाय के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं। स्थानीय निकाय में 80 फीसदी लोग हमारे चुने गए हैं। हम सभी 24 सीटों पर जीत कर आएंगे।''

 

तेजस्वी की जमकर प्रशंसा की

पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, राजद ने कभी समझौता नहीं किया। देश की किसी भी पार्टी से हमारी औकात बहुत बड़ी है। हमें हमेशा लड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए। लालू यादव ने नेता प्रतिपक्ष व राजद नेता छोटे पुत्र तेजस्वी यादव की प्रशंसा करते हुए कहा,  मैं तीन चुनाव लड़ने से चूक गया। लेकिन तेजस्वी के नेतृत्व में सबने कमाल कर दिया। 

 

रोजगार और जातीय जनगणना का तेजस्वी ने उठाया मुद्दा

तेजस्वी यादव ने कहा कि कांग्रेस के बिना देश में विपक्ष का संभव नहीं है। लेकिन कांग्रेस को राज्यों में क्षेत्रीय दलों को ड्राइविंग सीट पर रखना होगा। क्षेत्रीय पार्टियां राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्र में कांग्रेस पार्टी के साथ हैं। उन्होंने बिहार में बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया। कहा कि आज बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। बिहार आज बेरोजगारी का केंद्र बन गया है। नीतीश कुमार को बताना चाहिए कि वो बिहार के 19 लाख युवाओं को रोजगार कब दे रहे हैं। जातीय जनगणना को लेकर भी नीतीश कुमार को घेरा। कहा कि समाजवादी चोला पहनने से कोई समाजवादी नहीं हो जाएगा। बिहार सरकार को अपने खर्चे पर जातीय जनगणना करानी चाहिए।

 

Thumbnail image

 

राबड़ी देवी के नाम की भी चल रही चर्चा

बता दें कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक राजधानी पटना के होटल मौर्या में चल रही है। जिसमें कई 26 प्रदेशों के करीब तीन सौ पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, स्थायी आमंत्रित और विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी बुलाया गया है। राजद के पूर्व विधायक और पार्टी प्रवक्ता एज्या यादव ने अगले सत्र (2022-2025) के संगठनात्मक चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी। कहा जा रहा कि लालू प्रसाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं रहेंगे। जैसी पीठ लालू ने तेजस्वी की थपथपाई है, उससे अनुमान लगाया जा रहा कि तेजस्वी पार्टी की कमान संभाल सकते हैं। हालांकि एक्स सीएम राबड़ी देवी के नाम की भी चर्चा चल रही है। यह भी खबर है कि तेजस्वी के बोलते समय लालू के बड़े सुपुत्र तेजप्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) सभागार से उठकर बाहर चले गए थे।